जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया। पुलिस ने नागाडीह मैदान के समीप छापेमारी कर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई है। इस संबंध में बागबेड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सोमवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि रविवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नागाडीह मैदान के पास कुछ संदिग्ध लोग एकत्र होकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की और मौके से दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के इच्छापुर निवासी मंगल टुडू उर्फ मंगल मांझी (46) तथा सुंदरनगर थाना क्षेत्र के केरवाडुंगरी निवासी समरेश रविदास उर्फ मिथुन (34) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार के साथ स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मंगल टुडू का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूटपाट, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें परसुडीह, आदित्यपुर, आरआईटी और गोविंदपुर थाना क्षेत्रों के मामले शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि दोनों आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। हालांकि, समय रहते की गई कार्रवाई से उनकी योजना सफल नहीं हो सकी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और आरोपियों का किसी संगठित अपराधी गिरोह से संबंध है या नहीं।

