Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

उलीगुटु के पास सड़क हादसे में रेलवे गार्ड अमित कुमार स्वाई की मौत, साला गंभीर रूप से घायल

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर उलीगुटु के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रेलवे विभाग में गार्ड के पद पर कार्यरत अमित कुमार स्वाई की मौत हो गई। वहीं, उनके साले आशीष डोगरा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, अमित कुमार स्वाई अपने साले आशीष डोगरा के साथ चाईबासा के टुंगरी स्थित एक दाह संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से वापस चक्रधरपुर लौट रहे थे। इसी दौरान उलीगुटु के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन अचानक सामने आ गया।

बताया जा रहा है कि वाहन से बचने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अमित कुमार स्वाई को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, आशीष डोगरा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार उनके पैर की हड्डी टूट गई है और छाती की पसलियों में भी गंभीर चोटें आई हैं। बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर करने की तैयारी की गई है।

अमित कुमार स्वाई रेलवे विभाग में गार्ड के पद पर कार्यरत थे। उनकी अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने बताया कि अमित कुमार स्वाई अपने व्यवहार के कारण सभी के बीच लोकप्रिय थे।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post