जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) जमशेदपुर महानगर की जिला बैठक जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विहिप झारखंड प्रांत के संगठन मंत्री चितरंजन विशेष रूप से रांची से शामिल हुए।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने, सभी नगर एवं प्रखंड स्तर पर समितियों के गठन को पूर्ण करने तथा कार्यकर्ताओं के नियमित प्रशिक्षण एवं गुणात्मक विकास पर चर्चा की गई। चितरंजन ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला मंत्री चंद्रिका ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि बजरंग दल के नेतृत्व में 8 जुलाई से 14 जुलाई तक पूरे जमशेदपुर में सेवा सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 17 और 18 जुलाई को लोहरदगा में आयोजित होने वाली प्रांतीय बैठक में विहिप जमशेदपुर महानगर की टीम भाग लेगी।
इसके अलावा अगस्त माह में 8 अगस्त से 15 अगस्त के बीच जिला स्तर पर ‘रन फॉर हेल्थ’ एवं ‘रन फॉर वंदे मातरम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देना है।
बैठक में प्रांत मातृशक्ति सत्संग टोली प्रमुख कुंती भारती, प्रांत मातृशक्ति बाल संस्कार केंद्र प्रमुख सविता सिंह, विभाग मंत्री अरुण सिंह, जिला उपाध्यक्ष गोपीराव राव, सह मंत्री भोला लोहार एवं उत्तम कुमार दास, बजरंग दल संयोजक चंदन दास, प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रदीप सिंह, कोषाध्यक्ष दीपक वर्मा, सेवा प्रमुख जितेंद्र प्रमाणिक, सह सेवा प्रमुख संतोष वर्मा, सत्संग प्रमुख रितेश ओझा, मानगो प्रखंड अध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव, जुगसलाई प्रखंड अध्यक्ष अमित शारदा सहित विभिन्न प्रखंडों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

