Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

म्यूज़िक गैलरी A to Z ने सुरों की मल्लिका आशा भोसले को दी संगीतमय श्रद्धांजलि

जमशेदपुर: संगीत प्रेमियों की चर्चित संस्था म्यूज़िक गैलरी A to Z की ओर से सिदगोड़ा में महान पार्श्व गायिका आशा भोसले को समर्पित एक विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आशा भोसले के संगीत सफर और उनके सदाबहार गीतों को संगीत प्रेमियों तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और आशा भोसले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद मंच पर संगीत का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ जिसने उपस्थित दर्शकों को देर तक बांधे रखा।

म्यूज़िक गैलरी A to Z से जुड़े उभरते और अनुभवी कलाकारों ने आशा भोसले के विभिन्न दौर और शैलियों के गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में रोमांटिक गीत, ग़ज़ल, कव्वाली और लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने ‘दम मारो दम’, ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘इन आंखों की मस्ती के’ और ‘आइए मेहरबां’ जैसे चर्चित गीत गाकर माहौल को संगीतमय बना दिया।

संस्था के प्रतिनिधि देव डी राज ने कहा कि आशा भोसले भारतीय संगीत जगत की ऐसी आवाज हैं जिनका योगदान कई पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास उनकी संगीत विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आगाज़ संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह, समाजसेविका रंजना शर्मा, सत्यजीत सिंह, ठाकुर कालिंदीय, शंभू डुंगरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं पायल, रवीना, पूजा, मनप्रीत, दीपिका, पप्पू मुखी, जय मुखी, उमेश शर्मा, दर्श राज चौसा और देव डी राज ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

अतिथियों ने म्यूज़िक गैलरी A to Z के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम संगीत की समृद्ध विरासत को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Post