Breaking
Fri. Jun 12th, 2026

10 करोड़ से अधिक के गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

बलरामपुर। झारखंड सीमा से लगे बलरामपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य का गांजा और एक भारी वाहन जब्त किया है। बसंतपुर थाना पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को जिले में अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती माना जा रहा है। पुलिस ने लगभग 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद करने के साथ ही अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही गांजे की बड़ी खेप की सूचना तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के माध्यम से मिली थी। जानकारी मिलने के बाद बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 11 और 12 जून की दरमियानी रात विशेष घेराबंदी अभियान चलाया। इसी दौरान राजस्थान पंजीकृत 16 चक्का ट्रक (RJ 14 GU 9078) को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक से 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 30 किलोग्राम था। कुल 1941 किलो 110 ग्राम गांजा मिलने पर पुलिस ने ट्रक समेत पूरी खेप को जब्त कर लिया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये और ट्रक की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 46 वर्षीय लोकेश शर्मा निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश तथा 23 वर्षीय आमिर अंसारी निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि लोकेश शर्मा पूर्व में भी गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में मुख्य आरोपी रह चुका है। वर्ष 2025 में बसंतपुर थाना क्षेत्र में उसके ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इस बार जब्त किया गया ट्रक भी उसके नाम पर पंजीकृत पाया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के बीच सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए थे। लगातार निगरानी और सटीक सूचना के आधार पर इस बार पुलिस उन्हें पकड़ने में सफल रही।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में संचालित अभियान के तहत की गई। मामले में बसंतपुर थाना में अपराध क्रमांक 93/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Post