चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की पहल पर जिले के सभी 18 अंचलों में राजस्व संबंधी मामलों के समाधान के लिए विशेष राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दाखिल-खारिज, भूमि सीमांकन, पंजी-2 सुधार, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, ऑनलाइन लगान रसीद सहित अन्य मामलों का निष्पादन किया गया।
शिविर में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त किए गए और मौके पर ही उनके निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित कुल 656 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 624 आवेदनों का तत्काल निष्पादन किया गया।
दाखिल-खारिज से संबंधित 7 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 2 मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं पंजी-2 सुधार से जुड़े 10 आवेदन आए, जिनमें 4 आवेदनों का समाधान किया गया। इसके अलावा 46 मामलों में भू-लगान संग्रह किया गया।
जिले के सभी 18 अंचलों में आयोजित राजस्व शिविरों के माध्यम से कुल 745 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 692 आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर लोगों को राहत दी गई।
जिला प्रशासन ने बताया कि आम नागरिकों को राजस्व सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने और लंबित मामलों का शीघ्र माधान करने के उद्देश्य से इस तरह के विशेष शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से लोगों को राजस्व सेवाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपनी राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

