Breaking
Sun. Jun 7th, 2026

प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी और प्रतिभाशाली बच्चों का हुआ सम्मान

जमशेदपुर। समाज के प्रतिभाशाली, मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को बिष्टुपुर स्थित धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर में जागो संगठन, जागो यूवा विंग एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्रोफेसर असलम मल्लिक थे। विशिष्ट अतिथियों में ठक्कर बप्पा मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक पंकज कुमार, सरायकेला स्थित बोस्टोम साई स्कूल की सहायक आचार्या सलमा मुखी, समाजसेवी पुनीता मुखी, सम्भू डुंगरी, लक्ष्मण मुखी, लखिंदर कारुवा, सूरज मुखी, ब्रजेश मुखी और विकास मुखी शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण के साथ हुई, जिसे संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष रमेश मुखी ने प्रस्तुत किया।

अपने संबोधन में अतिथियों ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए सलमा मुखी और हेमंत मुखी को मुख्य अतिथि के हाथों “समाज रत्न अवार्ड” से सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज का नाम रोशन करने वाले दस बच्चों को “समाज भूषण अवार्ड” प्रदान किया गया। इसके अलावा वर्ष 2026 की मैट्रिक, इंटरमीडिएट और स्नातक परीक्षाओं में बेहतर अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को “समाज गौरव अवार्ड”, प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन रवि मुखी और धीरज मुखी ने संयुक्त रूप से किया। समारोह को सफल बनाने में संगठन के अध्यक्ष सुमंत मुखी, महासचिव जोलेश मुखी, संतोष मुखी, कुमकुम मुखी, मुन्ना मुखी, सावन मुखी, धीरज मुखी, श्रवण मुखी, स्वयंम मुखी सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह के दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Post