चाईबासा: भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई बुधवार को मझगांव विधानसभा क्षेत्र के कुमारडुंगी प्रखंड अंतर्गत टुंटाकटा पहुंचे। यहां टाटी कुटी नोरसिंह पाठ पूजा समिति टुंटाकटा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में पहुंचने के बाद बड़कुंवर गागराई ने पूजा स्थल पर माथा टेका और नारियल फोड़कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने फुटबॉल प्रतियोगिता के खिलाड़ियों और आयोजकों से मुलाकात की तथा प्रतियोगिता में शामिल टीमों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर बड़कुंवर गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है। खेल से युवाओं में अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और आगे बढ़ने की सोच विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में युवा समाज और देश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राजनीति में भी युवाओं की भागीदारी बढ़नी चाहिए। युवाओं को क्षेत्र की समस्याओं, शिक्षा, रोजगार, खेल और विकास के मुद्दों को समझकर अपनी भूमिका तय करनी होगी। उन्होंने कहा कि आगामी राजनीति में जनता के मुद्दों को प्रमुखता देने और गांव स्तर पर लोगों से जुड़े रहने की आवश्यकता है।
प्रतियोगिता में मुंडा स्तरीय वर्ग में सारना डोट कोम विजेता रहा, जिसे खस्सी और 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। निहार एफसी नरंगा साई उपविजेता रहा, जिसे खस्सी और 3 हजार रुपये मिले। जूनियर वर्ग में जितेन 11 एफसी विजेता और एसएस स्टार तिरिलपी उपविजेता रहा। विजेता को खस्सी और 5 हजार रुपये तथा उपविजेता को खस्सी और 3 हजार रुपये दिए गए। सीनियर वर्ग में जेबीएल स्टार टुंटाकटा विजेता रहा, जिसे 10 हजार रुपये और योवन कोड़ा एफसी मालिड़ू उपविजेता रहा, जिसे 5 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।
कार्यक्रम में अध्यक्ष आनंद सिंकु, उपाध्यक्ष सुखलाल गोप, सचिव रामेश्वर सिंकु, सह सचिव मथुरा हेंब्रम, कोषाध्यक्ष योगेश पिंगुवा, सह कोषाध्यक्ष राजकिशोर महाराणा, संरक्षक मनोज सिंकु, पूजा व्यवस्थापक गोपाल गोप, लोवो गोप, सलाहकार ग्रामीण मुंडा सुखलाल सिंकु, लालगढ़ पीढ़ के मानकी सुमन सिंकु, महेंद्र प्रसाद गोप, विजय सिंह पिंगुवा, मंगल सिंह हेंब्रम, कुमारडुंगी भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु, मझगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष पीतांबर राउत, तांतनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष जोगेश सवैया, दामुराम पाठ पिंगुवा, जागदीश नायक, कांग्रेस मांझी सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

