Breaking
Wed. Jun 17th, 2026

सोमवार से मानगो के बड़े नालों की होगी सफाई, जलापूर्ति और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में भी होंगे बदलाव

जमशेदपुर। मानगो क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शनिवार को अपर नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार यादव ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा एवं अन्य प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में यादव ने बताया कि मानगो के बड़े नालों की सफाई का कार्य सोमवार से शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गौड़ बस्ती में वर्तमान में रात 12 बजे होने वाली पेयजलापूर्ति की समय-सारिणी बदली जाएगी और इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।

मुकुल मिश्रा ने आस्था स्पेस टाउन में बाइपास लाइन जल्द चालू करने की मांग रखी, जिससे शंकोसाई, सुभाष कॉलोनी और कालिका नगर में जलापूर्ति व्यवस्था बेहतर हो सके। बैठक में 351 नई स्ट्रीट लाइटों के शीघ्र वितरण और स्थापना पर भी चर्चा हुई। मिश्रा ने अधिकारियों से किसी प्रकार के दबाव में न आने की बात कही। उन्होंने पेयजल के अवैध कनेक्शनों की जांच कर उन्हें नियमित करने या हटाने की मांग भी उठाई। बैठक में पप्पू सिंह, संतोष भगत, पिंटू सिंह, प्रवीण सिंह और वीरू सिंह भी मौजूद थे।

Related Post