चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी मझगांव विधानसभा अंतर्गत मंझरी एवं तांतनगर मंडल की सामूहिक बैठक मंगलवार को चीटीमीटी हाई स्कूल के समीप आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तांतनगर मंडल अध्यक्ष योगेश्वर सवैया ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुवर गागराई ने कहा कि वर्तमान में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं पार्टी द्वारा चयनित बीएलए-2 को सरकारी बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और गलत नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का कार्य पहले भी होता रहा है और यह आवश्यक भी है, जिससे देश की वास्तविक जनसंख्या और मतदाता संबंधी आंकड़े स्पष्ट हो सकें।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनें तथा शक्ति केंद्र स्तर पर बैठक आयोजित कर गांव की समस्याओं और सामाजिक विषयों पर चर्चा करें। साथ ही इन बैठकों की रिपोर्ट मंडल की मासिक बैठक में प्रस्तुत करें।
बैठक को जिला महामंत्री भूषण पाट पिंगुवा एवं मंझरी मंडल प्रभारी प्रताप कटियार महतो ने भी संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन हरिश्चंद्र केसरी ने किया।
बैठक में सिद्धार्थ गोप, गजेंद्र सवैया, रामचंद्र राम, चंद्र गोप, दुर्गाचरण नाग, जमादार बिरूवा, कुलदीप दास सहित मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

