Breaking
Mon. Jun 1st, 2026

अंतर्राष्ट्रीय मिसिंग चिल्ड्रेन डे पर बाल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया गया जोर

चाईबासा: अंतर्राष्ट्रीय मिसिंग चिल्ड्रेन डे के अवसर पर बाल कल्याण संघ द्वारा संचालित बालगृह बालकुंज में बच्चों के संरक्षण, देखभाल एवं उनके सर्वांगीण विकास को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल संरक्षण कार्यकर्ता विकास दोदराजका ने कहा कि बच्चों को सुरक्षा, स्नेह और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को परिवार और समाज से जोड़कर ही उनके उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। विकास दोदराजका ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में असीम संभावनाएं होती हैं, जिन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन देकर निखारने की आवश्यकता है। उन्होंने इस कार्यक्रम को समाज और परिवारों को बाल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पुनीता तिवारी ने कहा कि बच्चों को संस्थागत देखभाल के साथ-साथ पारिवारिक माहौल उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला पूरे राज्य में सर्वाधिक बच्चों को फोस्टर केयर से जोड़ने वाला पहला जिला बनकर उभरा है, जो बाल संरक्षण के क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भावनात्मक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में पारिवारिक वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

कार्यक्रम में संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को केवल आश्रय उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें पारिवारिक वातावरण, शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास प्रदान कर बेहतर जीवन के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को प्रेम, सम्मान और अपनापन मिलना चाहिए, ताकि वे सकारात्मक सोच के साथ समाज में आगे बढ़ सकें। उन्होंने बताया कि संस्था का लक्ष्य बालगृह को राज्य में एक रोल मॉडल के रूप में स्थापित करना है, जहां से निकलने वाले बच्चे अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप जीवन में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम में बाल संरक्षण एवं बाल कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।

Related Post