Breaking
Mon. Jun 1st, 2026

रोटरी क्लब का 168वां मासिक रक्तदान शिविर सम्पन्न, 14 वर्षों की निरंतर सेवा का बना रिकॉर्ड

चाईबासा: रोटरी क्लब चाईबासा द्वारा स्वर्गीय हरभजन सिंह खोखर की स्मृति में संचालित मासिक रक्तदान सह जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को 168वां रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह अभियान 1 जुलाई 2012 को शुरू किया गया था और प्रत्येक माह की पहली तिथि को नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। इसके साथ ही क्लब ने लगातार 14 वर्षों तक इस सेवा कार्य को जारी रखने की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

कार्यक्रम के स्थायी संयोजक गुरमुख सिंह खोखर ने कहा कि इस अभियान की सफलता का श्रेय निस्वार्थ भाव से रक्तदान करने वाले स्वैच्छिक रक्तदाताओं तथा ब्लड बैंक कर्मियों के सहयोग को जाता है।

रोटरी क्लब के अध्यक्ष विकास दोदराजका ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है और यह किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का माध्यम बनता है। उन्होंने इसे एक महान सामाजिक कार्य बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आग्रह किया।

विकास दोदराजका ने इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग से विशेषकर युवाओं में रक्तदान को लेकर मौजूद झिझक कम हुई है और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ी है।

शिविर में कुल 12 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। सबसे पहले रक्तदान करने वाले अभिजीत रक्षित सहित सभी 12 रक्तदाताओं को पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विकास दोदराजका, मदन गुप्ता, महेश खत्री, अमन प्रसाद गुप्ता, रोट्रेक्टर निशांत, अक्षय गुप्ता सहित अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Post