चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ की 155वीं कार्यसमिति बैठक सोमवार को स्थानीय JH06-टिप्सी रेस्टोरेंट में अध्यक्ष संजय चौबे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, व्यापारिक हितों, सामाजिक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सदस्यता विस्तार अभियान की समीक्षा करते हुए बताया गया कि हाल ही में चलाए गए अभियान के तहत 13 महिला एवं 109 पुरुष व्यवसायियों सहित कुल 122 नए सदस्य संगठन से जुड़े हैं। इसे चेम्बर के इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सदस्यता अभियान प्रभारी नितिन प्रकाश एवं सह-प्रभारी मधुसूदन अग्रवाल के योगदान की सराहना की गई। कार्यसमिति ने विश्वास जताया कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनेगा।
सामाजिक दायित्वों के तहत बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में रक्त की कमी की समस्या को देखते हुए जुलाई माह में चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ द्वारा वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान नागरिकों, युवाओं, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों से रक्तदान अभियान में भागीदारी की अपील की गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नवंबर माह में भव्य रजत जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन के पिछले 25 वर्षों की व्यापारिक, सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों तथा उपलब्धियों को समाहित करते हुए एक विशेष स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा। कार्यसमिति ने इसे चाईबासा के व्यापारिक एवं सामाजिक इतिहास का यादगार आयोजन बनाने का संकल्प लिया।
संगठन के संविधान में वर्णित प्रावधानों के तहत विचार-विमर्श के बाद कार्यसमिति ने संजय चावला एवं राजेश कुमार मोहता की सदस्यता समाप्त करने का निर्णय लिया। चेम्बर की ओर से कहा गया कि यह निर्णय संगठन के हित, अनुशासन एवं संवैधानिक व्यवस्था को ध्यान में रखकर लिया गया है। निर्णय के अनुसार दोनों अब चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ के सदस्य नहीं रहेंगे।
बैठक में व्यापारिक हितों की रक्षा, स्थानीय उद्योगों के प्रोत्साहन तथा सामाजिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष सह आजीवन ट्रस्टी एवं वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, निवर्तमान अध्यक्ष सह आजीवन ट्रस्टी मधुसूदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजीव खिरवाल एवं दुर्गेश खत्री, सचिव नीरज संदवार, संयुक्त सचिव गोविंदा खेतान एवं विवेक सिन्हा, कार्यकारिणी सदस्य तथा विभिन्न उपसमितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सचिव नीरज संदवार ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

