रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन ‘नार्कोस’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 61 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में बिहार के बक्सर जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 30.50 लाख रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 को रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ फ्लाइंग स्क्वॉड, आरपीएफ पोस्ट रांची तथा अपराध शाखा की संयुक्त टीम द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संबलपुर–जम्मू तवी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18309) के बी-3 कोच में तीन युवक कई बैगों के साथ संदिग्ध अवस्था में पाए गए। टीम ने जब उनसे पूछताछ की तो उनके जवाब संतोषजनक नहीं लगे।
संदेह के आधार पर कार्रवाई करते हुए ट्रेन के नामकुम रेलवे स्टेशन पहुंचने पर तीनों युवकों को उनके सामान सहित उतारा गया और नियमानुसार जांच की गई। तलाशी के दौरान चार ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग से कुल 61 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 61 किलोग्राम था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष सिंह (22 वर्ष), प्रिंस कुमार (21 वर्ष) और अंकित पाठक (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के बक्सर जिले के निवासी बताए गए हैं। उनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ रांची प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन में बरामद पदार्थ की डीडी किट से जांच की गई, जिसमें वह गांजा पाया गया। इसके बाद पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।
आरपीएफ ने जब्त गांजा, मोबाइल फोन तथा गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक दस्तावेजों और लिखित प्राथमिकी के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।
इस अभियान को सफल बनाने में इंस्पेक्टर शिशुपाल कुमार, इंस्पेक्टर लालबहादुर, एएसआई योगेंद्र कुमार, एएसआई अनिल कुमार, एएसआई अभिषेक कुमार सहित आरपीएफ के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

