चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू से लदे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनुवा थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा को शनिवार तड़के सूचना मिली थी कि गुदड़ी क्षेत्र की नदी से अवैध रूप से बालू का उत्खनन कर ट्रैक्टरों के माध्यम से सोनुवा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ गोइलकेरा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर राघोई गांव के समीप घेराबंदी कर दी।
पुलिस की मौजूदगी देखते ही ट्रैक्टर चालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने मौके से बालू से लदे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लिए। सभी जब्त वाहनों को सोनुवा थाना लाया गया है।
थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने कहा कि अवैध खनन और बालू तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

