Breaking
Sun. Aug 2nd, 2026

बहरागोड़ा में पुलिया के नीचे मिला क्षत-विक्षत शव, इलाके में फैली सनसनी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौदा-खुदपुटली मार्ग पर शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सुनसान पुलिया के नीचे से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसे पहचान पाना मुश्किल हो रहा था। घटना के बाद मौदा पंचायत समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, कम आवाजाही वाले इस रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों को पुलिया के पास से तेज दुर्गंध महसूस हुई। शक होने पर जब लोगों ने नीचे झांककर देखा तो वहां एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। शव पूरी तरह सड़ चुका था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत करीब एक सप्ताह पहले हुई होगी।

घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के इलाके की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है। इसके लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शव को कहीं और से लाकर पुलिया के नीचे फेंका गया या घटना स्थल ही वारदात की जगह है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Related Post