जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित नगर परिषद बाजार में यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग मामले में पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांड में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान जुगसलाई के पांडेय मुहल्ला निवासी सन्नी सिंह उर्फ सन्नी सिंह सरदार तथा टेल्को के आदर्शनगर मनीफीट निवासी सागर उपाध्याय के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मंगलवार को सीटी एसपी ललित मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान दोनों अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने यूनिक कलेक्शन दुकान पर हुई फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी व्यवसायी को डराने, रंगदारी वसूलने और इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी मनीष सिंह गिरोह से जुड़े हुए हैं और पूर्व में भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस ने बताया कि सन्नी सिंह की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि 15 मई 2026 को पांच अज्ञात अपराधी मरून रंग की वैगनआर कार से जुगसलाई स्थित यूनिक कलेक्शन दुकान पहुंचे थे और रंगदारी नहीं देने पर दुकान में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के बाद जुगसलाई थाना में कांड संख्या 39/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
इससे पहले पुलिस इस मामले में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, बानेश्वर नामता उर्फ मानस और अंकित खटिक उर्फ अंकित सोनकर को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मरून रंग की वैगनआर कार, चार देशी पिस्टल, खोखा, जिंदा गोलियां और अन्य सामान भी बरामद किए थे।
पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश जारी है और गिरोह से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

