Breaking
Tue. May 26th, 2026

बिरसानगर पीएम आवास के लाभुकों का फूटा गुस्सा, 31 मई तक चाबी नहीं मिली तो 1 जून से अनशन करेंगे सरयू राय

जमशेदपुर। बिरसानगर स्थित पीएम आवास योजना के 100 से अधिक लाभुक मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय से मिले और आवंटित फ्लैट की चाबी जल्द दिलाने की मांग की। लाभार्थियों ने कहा कि महीनों पहले फ्लैट आवंटित होने के बावजूद अब तक उन्हें कब्जा नहीं मिला है, जबकि वे बैंक ऋण की किश्त और किराये का दोहरा बोझ झेल रहे हैं। लोगों ने विधायक से आग्रह किया कि 31 मई तक हर हाल में चाबी दिलाई जाए।

लाभुकों की मौजूदगी में सरयू राय ने नगर विकास मंत्री Sudivya Kumar Sonu से फोन पर बातचीत की। मंत्री ने कहा कि उन्हें पूर्व में किया गया वादा याद है, लेकिन कुछ प्रशासनिक प्रक्रियाओं और अधूरे कार्यों के कारण 10 से 15 दिन अतिरिक्त लग सकते हैं। इस पर सरयू राय ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 31 मई तक फ्लैट की चाबी नहीं सौंपी गई तो वह 1 जून से डीसी कार्यालय के समक्ष अनशन पर बैठेंगे।

सरयू राय ने बताया कि पीएम आवास योजना के दो ब्लॉक पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन ड्रेनेज और सड़क निर्माण का काम अब भी अधूरा है। जेएनएसी ने एक ड्रेनेज निर्माण पूरा होने की जानकारी दी है, जबकि दूसरे में करीब 15 दिन और लगने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि जुडको को स्थायी सड़क बनानी है, लेकिन प्रशासनिक स्वीकृति लंबित होने के कारण फिलहाल स्लैग और छाई डालकर सड़क को चलने लायक बनाया गया है।

बिजली कनेक्शन को लेकर भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। बिजली विभाग का दावा है कि 192 फ्लैटों में मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि लाभार्थियों का कहना है कि केवल 85 घरों में ही मीटर लगे हैं। सरयू राय ने कहा कि वह बुधवार सुबह स्वयं मौके पर जाकर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ ऐसे लोगों को भी फ्लैट आवंटित किए जाने की शिकायत मिली है, जिनके पास पहले से मकान है, जबकि यह योजना बेघर परिवारों के लिए बनाई गई है।

Related Post