Breaking
Tue. May 26th, 2026

कपाली के जंगल में मिले जले शव की हुई पहचान, फेरी व्यवसायी मोहम्मद मुस्तकीम की हत्या की आशंका

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत फॉरेस्ट इलाके के बाबन बीघा में मंगलवार सुबह मिले जले हुए शव की पहचान 40 वर्षीय मोहम्मद मुस्तकीम के रूप में हुई है। मृतक कपाली ओपी क्षेत्र के सालबागान वार्ड संख्या-11 स्थित गौसनगर का निवासी था। शव की पहचान उसके हाथ में पहनी अंगूठी के आधार पर की गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मोहम्मद मुस्तकीम पिछले रविवार से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने बाबन बीघा के जंगलनुमा इलाके में एक जला हुआ शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में परिजन भी घटनास्थल पहुंचे, जहां अंगूठी देखकर शव की पहचान मोहम्मद मुस्तकीम के रूप में की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव बुरी तरह से जला हुआ था। शरीर का अधिकांश हिस्सा आग से झुलस चुका था, जिससे प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

परिजनों ने बताया कि मोहम्मद मुस्तकीम फेरी का काम करता था और उसी की कमाई से परिवार चलता था। परिवार में उसकी पत्नी और 12 वर्षीय पुत्र हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मुस्तकीम बेहद शांत, मिलनसार और मेहनतकश व्यक्ति था। उसकी किसी से दुश्मनी की जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की संभावना है।

Related Post