Breaking
Tue. May 26th, 2026

विवाद में खूनी खेल, सनकी बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता और पत्नी की हत्या, मासूम बेटी जिंदगी से जूझ रही , आरोपी पुत्र गिरफ्तार

लोहरदगा: जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंगरा टोली गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक सनकी बेटे ने अपने ही पिता, पत्नी और तीन वर्षीय मासूम बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में पिता सुरेंद्र उरांव (60 वर्ष) और पत्नी सुजाता उरांव (27 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय पुत्री रियांशी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार आरोपी संदीप उरांव (35 वर्ष) ने अचानक घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर सबसे पहले अपने पिता पर हमला किया। इसके बाद उसने पत्नी और मासूम बेटी को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सुरेंद्र उरांव और सुजाता उरांव की मौत हो चुकी थी। इधर, घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ हालत में तड़प रही मासूम रियांशी को थाना प्रभारी ने तुरंत अपनी गोद में उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से असामान्य था। इस हृदयविदारक घटना से पूरे सेंगरा टोली गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

Related Post