जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलाजुड़ी के पास रविवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिरंतु गिरी (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बिरंतु गिरी रोजी-रोटी की तलाश में जमशेदपुर में मजदूरी का काम करते थे। रविवार को काम खत्म करने के बाद वह बस से अपने गांव बिलाजुड़ी लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बस से उतरने के बाद वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल बिरंतु गिरी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद घाटशिला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर वाहन की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि बिरंतु गिरी परिवार के कमाऊ सदस्य थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

