Breaking
Fri. Aug 28th, 2026

बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार, पांच मोटरसाइकिल बरामद

जमशेदपुर। साकची थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय बाइक चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। मामले की जानकारी सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में दी।

बताया गया कि 20 मई 2026 को करीम सिटी कॉलेज के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत साकची थाना में दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी शमशाद आलम की पहचान कर उसे दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में शमशाद आलम ने अपने साथी अर्जुन मुंडरी के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर अर्जुन मुंडरी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पांच बाइक बरामद कीं।

जांच में सामने आया कि आरोपी शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइक की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदल दी जाती थी और इंजन व चेसिस नंबर मिटाकर वाहनों को बेचने की तैयारी की जाती थी।

गिरफ्तार आरोपियों में आजादनगर निवासी 23 वर्षीय शमशाद आलम और मांगो के समता नगर निवासी अर्जुन मुंडरी शामिल हैं। बरामद बाइकों में हीरो होंडा स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर और पैशन प्रो जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

पूरे मामले में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

Related Post