चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नीमडीह न्यू कॉलोनी संतोषी मंदिर निवासी 24 वर्षीय शिल्पी मोदक पर हुए जानलेवा हमले मामले में पुलिस ने आरोपी बिहार निवासी अजय कुमार उर्फ बालचंद को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। इस संबंध में 9 अप्रैल 2026 को शिल्पी के पिता अनिल चंद्र मोदक के बयान पर मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज किया गया था।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 8 अप्रैल की रात शिल्पी मोदक बच्चों को कोचिंग पढ़ाकर आनंद मार्ग स्कूल के पीछे वाली गली से घर लौट रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में शिल्पी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना उसके पिता को दी। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया। शरीर के कई हिस्सों में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अजय कुमार उर्फ बालचंद बिहार के बलिया थाना क्षेत्र के पुरपीकडी डीरवां ओरासरा सेलेमपुर का रहने वाला है और चाईबासा में मुन्ना पटेल के अपार्टमेंट में मुंशी का काम करता था। वह अनिल मोदक के घर से टिफिन लेता था। इसी दौरान उसकी पहचान शिल्पी मोदक से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी बचत की रकम शिल्पी को जमा करने के लिए देता था। बाद में शिल्पी की शादी कहीं और तय होने और पैसे लौटाने से इनकार करने पर उसने शराब के नशे में घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद वह चाईबासा से जमशेदपुर होते हुए बिहार भाग गया था। पुलिस ने 21 मई को बक्सर से उसे गिरफ्तार कर लिया। मुफस्सिल थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने बताया कि लगातार छापेमारी के बाद आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।

