चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के कमारबेड़ा गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में साढ़े चार वर्षीय मासूम प्रज्ञान महतो की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि शनिवार सुबह प्रज्ञान अपने घर में टीवी देख रहा था। इसी दौरान टीवी के सेट टॉप बॉक्स में अचानक करंट आ गया। परिजनों के अनुसार टीवी ठीक से काम नहीं कर रहा था, इसलिए बच्चे ने सेट टॉप बॉक्स को पकड़कर हिलाने की कोशिश की। जैसे ही उसने बॉक्स को छुआ, उसे जोरदार करंट का झटका लगा और वह चीख पड़ा।
बच्चे की आवाज सुनते ही परिवार के लोग दौड़कर पहुंचे और उसे तुरंत वहां से हटाया। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक करंट लगने से उसकी मौत मौके पर ही हो गई थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी एनुवाल एक्का ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

