हजारीबाग/घाटशिला। पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत भूतिया पंचायत के चंद्रपुर गांव के दो युवकों की हजारीबाग में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार चंद्रपुर गांव से एक पिकअप वैन कच्चा आम लेकर बिहार की ओर जा रही थी। गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे एनएच-33 पर हजारीबाग के चरही ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में पिकअप चालक सोना राम सोरेन (30) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में मौजूद रविंद्र नाथ मांडी (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल रविंद्र को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
चरही पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। शुक्रवार को जैसे ही दोनों युवकों के शव चंद्रपुर गांव पहुंचे, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिवार के लोगों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक मेहनत-मजदूरी और वाहन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
सोना राम सोरेन अपने पीछे दो साल के बेटे को छोड़ गए हैं, जबकि रविंद्र नाथ मांडी की छह महीने की मासूम बेटी अब पिता के स्नेह से वंचित हो गई। इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे आर्थिक और मानसिक संकट में डाल दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।

