जगन्नाथपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड कार्यालय के समक्ष गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने और किसानों के लिए ₹3200 न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने की मांग उठाई गई। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता अर्जुन सरदार ने की।
धरना में भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में राई भूमिज, मंगल गोप, संजय बारिक, धीरज सिंह, बसंत गोप, छोटराय लोहार, निलाम्बर गोप, सोमनाथ सिंकु, रवि दास, पिंटू सिंह, गणेश कोड़ा, धनश्याम कोड़ा, हरीश तांती सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए गीता बालमुचू ने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव के दौरान किसानों को ₹3200 न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का वादा किया था, लेकिन अब तक उसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल की ओलावृष्टि से जगन्नाथपुर और आसपास के क्षेत्रों में किसानों की फसल बर्बाद हो गई है, लेकिन सरकार ने अब तक प्रभावित किसानों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
उन्होंने कि खेतों में खड़ी फसल चौपट हो चुकी है और किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। भाजपा ने मांग की कि फसल नुकसान का सर्वे कर किसानों को जल्द उचित मुआवजा दिया जाए और ₹3200 एमएसपी का वादा तुरंत पूरा किया जाए।
धरना को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना की और कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी।

