Breaking
Thu. May 21st, 2026

नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय में उपायुक्त ने किया 100वें छात्र का नामांकन

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के वार्ड संख्या-19 स्थित आदर्श नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत 100वें नामांकन के रूप में दीपिका बारी का कक्षा-7 में नामांकन किया गया। नामांकन प्रक्रिया जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की उपस्थिति में पूरी की गई।

दीपिका बारी स्टेशन कॉलोनी में रहती है और मूल रूप से तांतनगर प्रखंड के मुरदा गांव की निवासी है। उसके पिता अर्जुन बारी पेशे से किसान हैं। नामांकन के बाद उपायुक्त ने छात्रा को स्कूल ड्रेस, किताब और कॉपी प्रदान कर नियमित पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया।

उपायुक्त ने छात्रा के पिता अर्जुन बारी को शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में उज्ज्वल भविष्य का सबसे बड़ा माध्यम है। साथ ही लोगों से अपने आसपास के बच्चों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

नामांकन प्रक्रिया के बाद उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रयोगशाला, रुग्ण कक्ष, भोजन कक्ष, शिक्षक सदन और आईसीटी लैब का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद शिक्षक सदन में शिक्षकों के साथ बैठक कर विद्यालय में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।

विद्यालय पहुंचने पर बाल संसद के अध्यक्ष, प्रधानमंत्री और प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने उपायुक्त का स्वागत किया। प्रधानाध्यापक ने विद्यालय को और बेहतर बनाने के लिए कुछ सुझाव भी दिए, जिस पर उपायुक्त ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के अंत में विज्ञान शिक्षिका मिनाक्षी सहाय ने विद्यालय परिवार की ओर से स्मृति चिन्ह देकर उपायुक्त को सम्मानित किया।

Related Post