Breaking
Sun. May 17th, 2026

लोहरदगा में रिश्तों का खौफनाक कत्ल, बेटे ने मां और पत्नी को सरिया से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, गांव में मातम

संवाददाता

लोहरदगा: जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनामुंजी गांव शनिवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार और मातम में डूब गया, जब एक बेटे ने ही अपनी मां और पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। सनसनीखेज घटना में धनामुंजी निवासी मड़वा उरांव ने लोहे की सरिया से हमला कर अपनी 80 वर्षीय मां रूपी उरांव और 45 वर्षीय पत्नी सोमरी उरांव को मौत के घाट उतार दिया। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हत्या में प्रयुक्त लोहे की सरिया बरामद करते हुए आरोपी मड़वा उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार शाम मड़वा उरांव अपनी पत्नी सोमरी उरांव के साथ गांव के आम बागान में आम तोड़ने गया था। वहां से लौटने के बाद अचानक वह किसी बात को लेकर उग्र हो उठा और घर पहुंचते ही अपनी मां और पत्नी पर लोहे की सरिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पूर्व मड़वा उरांव के भतीजे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग छह माह पहले भी उसका इलाज रांची के कांके स्थित रिन पास मानसिक आरोग्यशाला में कराया गया था। थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा गुस्से में आकर घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इधर, एक सप्ताह के भीतर गांव में चार लोगों की मौत होने से धनामुंजी गांव में भय और शोक का माहौल गहरा गया है। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा है और ग्रामीणों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

Related Post