Breaking
Sat. May 16th, 2026

जिले के मेधावियों का सम्मान, बोर्ड टॉपर्स को डीसी ने किया पुरस्कृत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को साकची स्थित रविंद्र भवन सभागार में जिला स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026 की JAC, CBSE और ICSE बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त राजीव रंजन ने मेधावियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सफलता मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का परिणाम होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लगातार मेहनत करने और जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने की अपील की। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को भी विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण बताया।

सीबीएसई बोर्ड में 10वीं की छात्रा श्रेया जनपना ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। 12वीं साइंस में शायर दत्ता ने 97.6 प्रतिशत, बायो-साइंस में सालेहा परवीन ने 95.8 प्रतिशत, कॉमर्स में श्रेयांशी धाल ने 98.6 प्रतिशत तथा आर्ट्स में प्रज्ञा शर्मा ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।

आईसीएसई बोर्ड में 10वीं के छात्र हर्षित सिंघानिया ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। 12वीं साइंस में स्नेहाश्री बिस्वास ने 99.5 प्रतिशत, बायो-साइंस में शांभवी तिवारी ने 100 प्रतिशत, कॉमर्स में संध्या सरकार ने 98.75 प्रतिशत और आर्ट्स में स्नेहा दत्ता ने 98.25 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

जैक बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में ओम कुमार ने 98.4 प्रतिशत अंक लाकर जिला टॉपर का स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट साइंस में कृष्णा रॉय और सक्षम मिश्रा ने संयुक्त रूप से 95.2 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। कॉमर्स में कृती कुमारी 90.2 प्रतिशत अंकों के साथ टॉपर रहीं, जबकि आर्ट्स में रेखा कुमारी ने 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, परिवहन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। उपायुक्त ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि जिले के मेधावी छात्र आने वाले समय में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

Related Post