जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथरघाटा चौक के समीप एनएच-49 पर गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि देर रात करीब एक बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे या सड़क किनारे मौजूद व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
रात का समय होने और सड़क पर आवाजाही कम रहने के कारण शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। बाद में स्थानीय लोगों की सूचना पर बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों, बाजारों, ढाबों और एनएच किनारे स्थित होटलों में पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी सहारा ले रही है। मृतक की तस्वीर विभिन्न व्हाट्सएप और सोशल मीडिया ग्रुपों में साझा कर लोगों से पहचान संबंधी जानकारी मांगी जा रही है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।

