Breaking
Fri. May 15th, 2026

पुरानी रंजिश में युवक पर चापड़ से हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कपाली। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार 9 अगस्त 2025 की दोपहर करीब ढाई बजे नगर परिषद कार्यालय के सामने पुल के समीप मानगो निवासी एक युवक पर कुछ युवकों ने अचानक हमला कर दिया था। बताया जाता है कि आरोपियों ने युवक पर चापड़ से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया गया।

घटना के संबंध में कपाली ओपी में कांड संख्या 134/2025 दिनांक 10 अगस्त 2025 को दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हमला पुरानी रंजिश के कारण किया गया था।

इसी क्रम में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त शेख फैज (25 वर्ष), निवासी न्यू डीएस फ्लैट, केबल टाउन, गोलमुरी, पूर्वी सिंहभूम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी भूमिका की भी जांच चल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Related Post