*रांची* : जिले के खलारी थाना क्षेत्र की रहने वाली 29 वर्षीय शिक्षिका पायल कुमारी ने विषाक्त पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार स्कूल से लौटने के बाद पायल ने सामान्य रूप से भोजन किया और अपने कमरे में चली गईं। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद घरवालों को जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिली। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर खलारी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम के लिए रांची भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पायल डकरा स्थित Raj Children School में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
पांच माह पहले प्रेमी ने मारी थी गोली
जानकारी के अनुसार 26 दिसंबर 2025 को पायल कुमारी को उनके प्रेमी सुनील केवट उर्फ छोटू ने स्कूल जाते समय रास्ते में गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के बाद सुनील ने खुद को भी गोली मार ली थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
बताया जाता है कि घटना से पहले सुनील ने एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने पायल के साथ अपने प्रेम संबंध और कथित धोखे का जिक्र किया था। गोली लगने के बाद पायल का इलाज रांची के रिम्स में चला था। लंबे इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर दोबारा स्कूल में नौकरी करने लगी थीं।
मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव से थीं परेशान
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रेमी की मौत के बाद पायल काफी मानसिक तनाव में रहने लगी थीं। घर और समाज से मिलने वाले ताने, कटाक्ष और व्यंग्यपूर्ण टिप्पणियों ने उनकी परेशानी को और बढ़ा दिया था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर घर में भी अक्सर विवाद होता था।
करीबी लोगों का कहना है कि बाहर से सामान्य दिखने वाली पायल भीतर ही भीतर गहरे अवसाद और सामाजिक दबाव से जूझ रही थीं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
यदि आप या आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव से जूझ रहा हो, तो समय रहते परिवार, मित्रों या विशेषज्ञों से मदद लेना बेहद जरूरी है।

