चाईबासा: राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देश पर पश्चिमी सिंहभूम जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से 90 दिवसीय विशेष गहन जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को सदर प्रखंड स्थित पीएम श्री अपग्रेड उच्च विद्यालय नरसंडा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष मौहम्मद शाकिर और सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में पीएलवी रेणु देवी और पीएलवी हेमराज निषाद ने कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी और सामाजिक विषयों की जानकारी दी। रेणु देवी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की कार्यप्रणाली और संरचना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को बाल अधिकार, बाल श्रम, बाल विवाह और बाल उत्पीड़न जैसे मुद्दों के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि यदि कोई बच्चा किसी प्रकार के शोषण का शिकार हो रहा है तो वह चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 पर संपर्क कर सकता है। बच्चों को यह भी बताया गया कि वे अपनी समस्याएं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं या चाइल्ड लाइन टीम के साथ साझा कर सकते हैं।
पीएलवी हेमराज निषाद ने विद्यार्थियों को झालसा के प्रोजेक्ट चेतना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों और समाज को नशाखोरी, मादक द्रव्यों के सेवन और नशीले पदार्थों की लत से बचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि कहीं नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 या जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय को दें।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

