Breaking
Sat. May 9th, 2026

डीपीएस चक्रधरपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, स्कूल बसों की भी हुई जांच

चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिला के उपायुक्त मनीष कुमार

के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा गुरुवार को चक्रधरपुर स्थित डीपीएस स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व मोटर यान निरीक्षक नेल्सन तिर्की ने किया। उनके साथ कृष्णा सोरेन तथा जिला सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन को यातायात नियमों तथा सुरक्षित परिवहन व्यवस्था के प्रति जागरूक करना था।

अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को ट्रैफिक नियम, रोड मार्किंग, संकेत बोर्ड, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि तेज रफ्तार, नशे की हालत में वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने घर, गांव और समाज में भी लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें

इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित गुड सेमेरिटन योजना तथा सड़क दुर्घटना पीड़ित परिवारों को मिलने वाले मुआवजे की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वाले नागरिकों को सरकार द्वारा सुरक्षा और प्रोत्साहन दिया जाता है।

कार्यक्रम के बाद मोटर यान निरीक्षक ने स्कूल बसों और अन्य वाहनों की जांच भी की। जांच में इंश्योरेंस, फिटनेस, टैक्स, प्रदूषण प्रमाणपत्र, परमिट और ओवरलोडिंग समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। साथ ही सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी स्कूल बस सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालय प्रबंधन अथवा वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Post