Breaking
Sat. May 9th, 2026

गुड़ाबान्दा की झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय ने रचा इतिहास, बारहवीं में शत-प्रतिशत परिणाम से बढ़ाया प्रखण्ड का मान

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती गुड़ाबान्दा प्रखण्ड स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, गुड़ाबान्दा की छात्राओं ने बारहवीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर विद्यालय और पूरे प्रखण्ड का नाम रोशन किया है। विद्यालय की सभी छात्राओं के सफल होने पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखा गया। छात्राओं की इस उपलब्धि को ग्रामीण क्षेत्र में बालिका शिक्षा के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद छात्राओं ने मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन में बेहतर प्रदर्शन किया। इस शानदार परिणाम से छात्राओं के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और अन्य बालिकाओं को भी शिक्षा के प्रति प्रेरणा मिलेगी।

प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) तथा प्रखण्ड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। अधिकारियों ने कहा कि बालिकाओं का शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना समाज के विकास का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि अवसर मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

विद्यालय की वार्डन सह प्रभारी प्रधानाध्यापिका गुरुबारी मार्डी ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत और शिक्षकों की निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय आगे भी शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सफल छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया। शिक्षिका नम्रता कुमारी, कल्याणी पात्र, कनकलता पातर, श्रावंती महतो तथा शिक्षक भास्कर महतो, प्रणव मार्दिना, चैतन चंद्र किस्कू, बाबूलाल माहली, गोपीनाथ हांसदा, अकाउंटेंट प्रबीर कुमार मिश्रा, विद्यालय की वार्डन गुरुबारी मार्डी, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष रिंकी लोहरा सहित विद्यालय के कर्मचारी एवं छात्राएं मौजूद थीं। विद्यालय परिसर में छात्राओं की सफलता को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल बना रहा।

Related Post