जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित घाटशिला के पीडीएस डीलर मृणाल कांति रजक की आत्महत्या के बाद जिले में जन वितरण प्रणाली से जुड़े डीलरों का आक्रोश खुलकर सामने आया। गुरुवार को जिले के विभिन्न पीडीएस संगठनों से जुड़े डीलरों ने जमशेदपुर स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में डीलर शामिल हुए और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मृणाल कांति रजक लंबे समय से आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। डीलरों का दावा है कि सुसाइड नोट में उन्होंने बकाया कमीशन नहीं मिलने और बढ़ती आर्थिक परेशानी का जिक्र किया है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संगठन प्रतिनिधियों में अजय कुमार, शंभू नाथ रजक, सुनील महतो और प्रदीप साहू शामिल थे। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार समय पर कमीशन भुगतान नहीं कर रही है, जिससे जिले के कई डीलर कर्ज और तनाव में जीने को मजबूर हैं।
डीलरों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को पीडीएस दुकान का लाइसेंस तथा लंबित कमीशन का शीघ्र भुगतान करने की मांग की।

