Breaking
Thu. May 7th, 2026

सड़क पर मिला महिला का शव, जमीन विवाद में हत्या का आरोप

कोडरमा। तिलैया थाना अंतर्गत रांची पटना मुख्य मार्ग स्थित सतपुलिया के समीप बीती रात एक अज्ञात महिला का चोटिल अवस्था में शव बरामद किया गया है। महिला की शिनाख्त चंदवारा की गिरिजा देवी (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात करीब 9 बजे रांची से पटना की ओर जा रहे एक ट्रक चालक ने सतपुलिया के समीप सड़क पर एक महिला को घायल अवस्था में देखा। ट्रक चालक ट्रक रोक कर उक्त महिला के पास पहुंचा और देखा कि महिला के सिर में गंभीर चोट लगी हुई थी और उसके सिर से काफी खून बह चुका था। इसके पश्चात उन्होंने उस ओर से गुजरने रहे वाहनों को रोक दिया और आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे और घटना की सूचना तिलैया पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही तिलैया पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया। वहीं मुख्य मार्ग पर रुके वाहनों का परिचालन शुरू करवाया। तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि महिला जहां पर गिरी हुई थी, उससे कुछ ही दूरी पर एक टूटा-फूटा मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के पश्चात ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। इधर मृतका के भाई ओमकार पंडित ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब 6.30 बजे उनका अपनी बहन गिरिजा से बात हुई थी। इधर बुधवार की सुबह उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला के शव मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्हें पता चला कि वह उनकी बहन गिरिजा का ही शव है। ओमकार पंडित ने बताया कि गिरिजा का उनके गोतिया लोगों से जमीन का विवाद कई वर्षों से चल रहा है। उनके पति की भी एक वर्ष पूर्व संदेहास्पद मौत हुई थी। जिसको लेकर गिरिजा ने चंदवारा थाना में आवेदन भी दे रखा है। उन्होंने बताया कि इनके रिश्तेदार रामदेव पंडित और गांव के रहने वाले कारू यादव नामक एक अन्य व्यक्ति के साथ जमीन का विवाद चल रहा था। इन्हें शक है कि उक्त दोनों व्यक्ति द्वारा ही इनकी हत्या कर उसे रोड एक्सीडेंट का रूप दिया जा रहा है। ताकि उसके जगह जमीन पर वे लोग कब्जा जमा सके।

Related Post