चक्रधरपुर। पथ निर्माण विभाग की ओर से एनएच-75ई उलीडीह-चैनपुर-सहजोड़ा-महुलपानी-चारमोड़ तक प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच मंगलवार को सांसद जोबा मांझी बोड़दा गांव पहुंचीं और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने रैयतों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण कार्य लोगों की सहमति और हितों को ध्यान में रखकर ही कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि सड़क चौड़ीकरण की वजह से कई परिवारों के घर और जमीन प्रभावित हो सकते हैं, जिससे बेघर और भूमिहीन होने की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि सड़क की चौड़ाई 18 फीट से अधिक न बढ़ाई जाए, ताकि कम से कम नुकसान हो। साथ ही गांव के भीतर पीसीसी सड़क की जगह पिच सड़क बनाने और जल निकासी के लिए समुचित नाली निर्माण की भी मांग की गई।
सांसद जोबा मांझी ने ग्रामीणों की बातों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर लोगों को नुकसान पहुंचाकर विकास कार्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग से बात कर ऐसा समाधान निकाला जाएगा, जिससे सड़क निर्माण भी हो और ग्रामीणों के घर-जमीन भी सुरक्षित रहें। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की अगली बैठक में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
ग्रामीणों से बातचीत के बाद सांसद ने मौके पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही। इस दौरान चैनपुर पंचायत के मुखिया साहेब हेम्ब्रम, ग्राम मुंडा बसंत कुमार महतो समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

