सरायकेला।सरायकेला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बड़ाकाकड़ा स्थित उषा कॉलेज मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 45 वर्षीय भागीरथी महतो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही उनकी घटनास्थल पर ही जीवन लीला समाप्त हो गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत और शोक का माहौल फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 11 बजे के आसपास एक तेज गति से आ रहा वाहन अचानक सड़क किनारे मौजूद भागीरथी महतो को जोरदार टक्कर मारते हुए फरार हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान बड़ाकाकड़ा निवासी भागीरथी महतो के रूप में की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वे अक्सर देर रात तक सड़कों पर भटकते रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वे किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।

