Breaking
Fri. May 1st, 2026

कपाली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध वाहन से चार गायें बरामद, चालक फरार

कपाली।सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस को एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान महत्वपूर्ण सफलता मिली। तड़के चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध चारपहिया वाहन से चार गायों को बरामद किया, जबकि वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, कमारगोड़ा चौक पर सुबह करीब पांच बजे ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी तेज गति से चेकिंग प्वाइंट को पार कर भागने लगी। वाहन के व्यवहार पर संदेह होने पर पुलिस ने तुरंत उसका पीछा शुरू किया।

पुलिस टीम ने पीछा करते हुए वाहन को डैमडुब्बी क्षेत्र तक ट्रैक किया। खुद को घिरता देख चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें चार अस्वस्थ गायें बरामद हुईं।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन गायों को अवैध तरीके से कहीं ले जाया जा रहा था। बरामद पशुओं को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक एवं फरार चालक की पहचान की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। साथ ही, फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है।

Related Post