Breaking
Sun. Apr 26th, 2026

अधूरी सड़क बनी हादसे की वजह, पोटका में ट्रक से टकराकर तीन छात्र घायल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 220 पर हाता माता आश्रम के समीप रविवार दोपहर एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जिसमें गांधी कॉलेज सीजूलता के तीन छात्र घायल हो गए। इनमें से दो छात्रों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर अधूरे सड़क निर्माण और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार की छुट्टी होने के कारण अल्ताफ राजा, मनोज गोप और उनका एक अन्य साथी एक ही बाइक पर सवार होकर हाता बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे हाता माता आश्रम के पास बने पुलिया के निकट पहुंचे, वहां सड़क की खराब स्थिति और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों छात्र बाइक समेत ट्रक के नीचे जा घुसे और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पोटका थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दो छात्रों की स्थिति अत्यंत गंभीर है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है, जबकि तीसरे छात्र को भी गंभीर चोटें आई हैं। पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

इधर घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। सामाजिक कार्यकर्ता आनंद पाल, शंकर गुप्ता और तापस बिशोय ने इस हादसे को ठेकेदार की लापरवाही का नतीजा बताया। उनका कहना है कि पुलिया के पास पहुंच पथ का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे सड़क पर खतरनाक गड्ढे बन गए हैं और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद न तो ठेकेदार और न ही प्रशासन ने इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अधूरे निर्माण कार्य को पूरा नहीं कराया गया और जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थानीय लोग सड़क जाम कर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Related Post