Breaking
Sun. Apr 26th, 2026

जमशेदपुर में मजदूरों की आवाज बुलंद करने की तैयारी, 1 मई को होगा विशाल सम्मेलन : दुलाल भुईयाँ

जमशेदपुर। आगामी 1 मई को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस को लेकर झारखंड मजदूर यूनियन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को भुईयांडीह स्थित आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस सम्मेलन में यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री दुलाल भुईयाँ ने मजदूरों के अधिकारों को लेकर बड़ा ऐलान किया

दुलाल भुईयाँ ने अपने संबोधन में साफ कहा कि वर्तमान समय में मजदूर वर्ग कई चुनौतियों से जूझ रहा है और उनके अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि 1 मई 2026 को सुबह 10 बजे से भुईयांडीह, निर्मलनगर स्थित अतिथि भवन में एक दिवसीय विशाल मजदूर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से बड़ी संख्या में मजदूर नेता और श्रमिक शामिल होंगे। यह सम्मेलन मजदूरों के अधिकार, शोषण के खिलाफ लड़ाई और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बदलती औद्योगिक नीतियों और मशीनों पर बढ़ती निर्भरता के कारण मजदूरों की स्थिति कमजोर होती जा रही है। ठेका प्रथा, अस्थायी रोजगार और वेतन में असमानता ने श्रमिकों के जीवन को असुरक्षित बना दिया है। विशेष रूप से दलित, आदिवासी, मूलवासी और पिछड़े वर्ग के मजदूर सबसे अधिक प्रभावित हैं। ऐसे हालात में एकजुट होकर संघर्ष करना ही एकमात्र रास्ता है।

दुलाल भुईयाँ ने यह भी बताया कि सम्मेलन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि मजदूरों के बीच जागरूकता के साथ-साथ एकता का संदेश भी पहुंचे। इसके अगले दिन यानी 2 मई 2026 को शाम 6 बजे भुईयांडीह दुर्गा पूजा मैदान में आमसभा आयोजित होगी, जिसमें मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद पूरी रात छऊ नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

प्रेस वार्ता के दौरान यूनियन की प्रमुख मांगों को भी सामने रखा गया। इनमें टाटा समूह की कंपनियों में समान काम के लिए समान वेतन लागू करने, लंबे समय से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने, आश्रितों को रोजगार देने, डम्प मजदूरों के पुनर्वास और आर्थिक सहायता, कान्वाई चालकों के बकाया भुगतान तथा दुर्घटना मुआवजा सुनिश्चित करने जैसी मांगें शामिल हैं। इसके साथ ही मजदूरों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, बीमा और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

अंत में दुलाल भुईयाँ ने सभी मजदूरों से अपील की कि वे अपने आधार कार्ड के साथ सम्मेलन में शामिल होकर एकता का परिचय दें और अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूत बनाएं। इस अवसर पर यूनियन के कई पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।

Related Post