चक्रधरपुर: ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) को पत्र लिखकर भीषण गर्मी के दौरान रेलवे कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
पत्र में उन्होंने कहा है कि जिस प्रकार समय-समय पर CPWI कार्यालयों में मेडिकल शिविर लगाकर कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की जाती है, उसी तरह गर्मी के मौसम में हर महीने सभी पीडब्ल्यूआई (PWI) कार्यालयों में नियमित रूप से मेडिकल कैंप आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में विशेष रूप से ट्रैक मेंटेनर, मेट्स, पेट्रोलमैन और गेटमैन जैसे फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की जांच की जाए।
चांद मोहम्मद ने बताया कि इस समय सबसे बड़ी समस्या डिहाइड्रेशन और पानी की कमी की है। ऐसे में उन्होंने CMS से मांग की है कि भीषण गर्मी के दौरान फील्ड में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच ORS का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी लगातार आठ घंटे तक रेल सेवाओं में लगे रहते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
उन्होंने यह भी मांग की कि रेलवे के सभी विभागों के ऐसे कर्मचारी जो तेज गर्मी में फील्ड में कार्य कर रहे हैं, उन्हें भी ORS उपलब्ध कराया जाए।
यूनियन ने इस दिशा में जल्द कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि कर्मचारियों को गर्मी से राहत मिल सके और वे सुरक्षित तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

