Breaking
Wed. Apr 22nd, 2026

पृथ्वी दिवस पर मध्य विद्यालय स्टेशन कॉलोनी में विधिक जागरूकता शिविर और पौधारोपण*

चाईबासा: पृथ्वी दिवस के अवसर पर 22 अप्रैल को मध्य विद्यालय स्टेशन कॉलोनी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा मौहम्मद शाकिर तथा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर का संचालन पीएलवी रेणु देवी और पीएलवी हेमराज निषाद द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पृथ्वी दिवस के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। पीएलवी रेणु देवी ने बताया कि पृथ्वी दिवस पहली बार वर्ष 1970 में मनाया गया था और वर्तमान में यह 190 से अधिक देशों में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन जैसे खतरों से पृथ्वी को बचाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि अधिक से अधिक पेड़ लगाएं, पानी की बचत करें और प्लास्टिक के उपयोग को कम करें।

वहीं पीएलवी हेमराज निषाद ने बच्चों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की कार्यप्रणाली और संरचना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चे सूती कपड़े पहनें, शरीर को ढककर रखें, अपने साथ पानी की बोतल रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।

इसके अलावा धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की भी सलाह दी गई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया, जिसमें तीन फलदार पौधे लगाए गए। इस दौरान विद्यालय की शिक्षिका निधि मैडम और बच्चों का सराहनीय सहयोग रहा।

इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और विधिक जानकारी दोनों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

Related Post