Breaking
Sat. Apr 18th, 2026

चाईबासा में दो हत्याओं से सनसनी: महिला की गला रेतकर हत्या, युवक का शव डैम में मिला

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग हत्या की घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पहली घटना चितपिल गांव की है, जहां 22 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या कर शव को रायको नदी किनारे फेंक दिया गया, जबकि दूसरी घटना में बाघमारा डैम से एक अज्ञात युवक का नग्न शव बरामद हुआ है। दोनों मामलों में पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है।

चितपिल गांव की रहने वाली सीमा महतो (22) गुरुवार दोपहर अपने घर से झरझरा हाट जाने की बात कहकर निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार दोपहर कुछ ग्रामीणों ने रायको नदी किनारे एक महिला का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही टोकलो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के गर्दन पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई है। देर शाम शव को थाना लाया गया, जहां परिजनों ने उसकी पहचान सीमा महतो के रूप में की। शनिवार को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतका के पिता विनोद महतो ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसके पति रतन मुंडा पर लगाया है। उन्होंने बताया कि सीमा हाल ही में अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ अपने मायके आई थी। घटना वाले दिन सीमा ने अपने पति से फोन पर बातचीत की थी और उसी के बुलावे पर वह झरझरा हाट गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि इस हत्या में पति के साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

शनिवार को टोकलो थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और संभावित संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

इसी थाना क्षेत्र के बाघमारा डैम में एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि शव पर कोई कपड़ा नहीं था, जिससे हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस इस मामले में युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है और आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध तो नहीं है।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Post