चाईबासा: शहर के जेएमपी चौक स्थित हनुमान मंदिर के सामने स्थित सनराइज हॉस्पिटल द्वारा आगामी 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को अपने नए अत्याधुनिक भवन का भव्य उद्घाटन किया जाएगा।
इसको लेकर शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाओं और उद्देश्य की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में हड्डी, जोड़, नस एवं रीढ़ रोग विशेषज्ञ सर्जन डॉ. आर. के. सिंह तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि सनराइज हॉस्पिटल अब नए विस्तारित रूप में 30 बेड के बहु-विशेषता अस्पताल के रूप में आम लोगों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह 19 अप्रैल को सुबह 11:15 बजे आयोजित होगा।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ उपस्थित रहेंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी मुकुंद रुंगटा करेंगे। दोनों अतिथि संयुक्त रूप से अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।
अस्पताल में हड्डी रोग, मूत्र रोग, सामान्य शल्य चिकित्सा, हृदय रोग, मस्तिष्क एवं तंत्रिका रोग, बाल रोग, नाक-कान-गला, त्वचा रोग, छाती रोग तथा आपात एवं गंभीर चिकित्सा जैसी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
सुविधाओं की बात करें तो अस्पताल में अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पूर्ण रूप से सुसज्जित औषधि केंद्र, 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा, आधुनिक ऑपरेशन थियेटर (लैमिनर एयर फ्लो एवं हेपा फिल्टर सहित), महिला एवं पुरुष वार्ड, एसी एवं नॉन-एसी केबिन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
अस्पताल में 24 घंटे अनुभवी चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे मरीजों को त्वरित और बेहतर इलाज मिल सके।
अस्पताल प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य चाईबासा एवं आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को सुलभ, किफायती एवं उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, ताकि गंभीर इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम हो सके।
प्रेस वार्ता में डॉ. आर. के. सिंह, डॉ. रानू सिंह, डॉ. विक्रम सिंह (मस्तिष्क शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ, निमहंस बेंगलुरु) एवं डॉ. अमित कुमार तिर्की (औषधि एवं संज्ञाहरण विशेषज्ञ, सीएमसी वेल्लोर) उपस्थित रहे।

