कुडू – लोहरदगा : सुबह करीब साढ़े आठ बजे कुडू प्रखंड के माराडीह गांव स्थित महात्मा गांधी प्लस टू विद्यालय के समीप पतरा क्षेत्र में दो जंगली हाथियों के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। आबादी के बीच अचानक हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में आ गए। वहीं कुछ शरारती युवक मौके पर पहुंचकर वीडियो और फोटो बनाने में जुट गए। भीड़ और दिन के उजाले को देखते हुए दोनों हाथी फिलहाल माराडीह स्कूल परिसर के बगल स्थित आम बागान में डेरा जमाए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक वन विभाग के कर्मी एवं स्थानीय लोग हाथियों की निगरानी में लगे हुए हैं। संभावना जताई जा रही है कि रात होने के बाद हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ा जाएगा। वहीं हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों हाथी जामडी पुल के रास्ते गांव में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों को बुरी तरह रौंद दिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।गौरतलब है कि कुडू प्रखंड सहित लातेहार और रांची जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में वर्षों से जंगली हाथियों का आतंक जारी है। यहां अक्सर घरों को नुकसान, फसलों की बर्बादी और मानव हताहत की घटनाएं सामने आती रहती हैं। बताया जाता है कि एक दिन पूर्व बुधवार को जिंगी पंचायत के जोजरो गांव में भी हाथियों के झुंड ने भारी तबाही मचाई थी। शेडनेट संरचनाओं को क्षतिग्रस्त करने के साथ-साथ लौटते समय हेंजला क्षेत्र के खेतों में लगी फसलों को भी रौंद डाला था। कयास लगाया जा रहा है कि उसी झुंड से बिछड़े ये दोनों हाथी फिलहाल माराडीह में डेरा डाले हुए हैं।

