दुमका। तालझारी थाना क्षेत्र के नारगंजो के समीप बासुकीनाथ-देवघर मुख्य सड़क पर गुरुवार को तेज रफ्तार पिकअप और अनियंत्रित ऑटो के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि नौ यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार श्रद्धालु बासुकीनाथ की ओर से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान नारगंजो के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में सरैयाहाट थाना क्षेत्र के धौनी गांव निवासी 52 वर्षीय रामाशंकर पंडा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं, भागलपुर जिले के उदयरामपुर निवासी नाटू महलदार को गंभीर हालत में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तीसरे मृतक की पहचान पंकज कुमार उर्फ पंकज महलदार के रूप में हुई है। हादसे में घायल नौ यात्रियों को पहले जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इनमें छह घायलों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया, जबकि तीन घायलों का इलाज दुमका में कराया जा रहा है।
घायलों में प्रमिला देवी और कुसुम देवी समेत अन्य यात्री शामिल हैं। घायलों के सिर, जबड़े, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
घटना की जानकारी मिलते ही जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह और तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और पिकअप को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है और घायलों तथा प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली जा रही है।

