Breaking
Fri. Sep 18th, 2026

झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में ED की कार्रवाई, सरायकेला में ठेकेदार संजय डालमिया के घर छापा

सरायकेला। झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक में कथित वित्तीय धोखाधड़ी और धनशोधन से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह सरायकेला में बड़ी कार्रवाई की। ईडी की विशेष टीम ने पटनायक टोला स्थित ठेकेदार संजय कुमार डालमिया के आवासीय परिसर में तलाशी शुरू की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही इलाके में हलचल मच गई।

जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारी शुक्रवार सुबह करीब सात बजे तीन वाहनों से संजय डालमिया के आवास पर पहुंचे। टीम के पहुंचते ही परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और तलाशी शुरू कर दी गई। जांच के दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद दस्तावेजों, बैंकिंग लेन-देन से संबंधित कागजात और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। डिजिटल उपकरणों और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री की भी जांच किए जाने की बात सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक घोटाला मामले की जांच के तहत की जा रही है। धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 17 के तहत झारखंड और ओडिशा में कुल सात ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई चल रही है। जांच एजेंसी को सरायकेला स्थित झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा में कथित बड़े वित्तीय घोटाले से जुड़े लेन-देन की जांच करनी है।

मामले की जांच के दौरान कारोबारी संजय कुमार डालमिया और बैंक के तत्कालीन अधिकारियों के बीच कथित मिलीभगत के आरोपों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि, ईडी की ओर से अभी तक तलाशी के दौरान बरामद या जब्त की गई सामग्री और कार्रवाई के विस्तृत निष्कर्ष को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। फिलहाल ईडी की टीम आवासीय परिसर में कागजात और अन्य सामग्री की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

Related Post