Breaking
Tue. Apr 14th, 2026

अंबेडकर जयंती पर KNT चाईबासा में रक्तदान शिविर व जागरूकता कार्यशाला आयोजित

चाईबासा: कोल्हान नितिर तुरतुंग (KNT) चाईबासा केंद्र में भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर एक दिवसीय रक्तदान शिविर और बैंकिंग जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ऑल इंडिया हो बैंकर्स वेलफेयर सोसाइटी और KNT के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर और बिरसा मुंडा की तस्वीरों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और बैंक कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कुल 21 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

कार्यक्रम में जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें बैंकिंग और फाइनेंस से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। हो बैंकर्स और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बचत, आर्थिक योजना और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान KNT चाईबासा को संविधान की प्रतियां और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी पुस्तकें भी भेंट की गईं। साथ ही हाल ही में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के टॉप 10 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

KNT की ओर से संरक्षक माझी राम जामुदा, उपाध्यक्ष विश्वजीत दोराईबुरु, वरिष्ठ सलाहकार संतोष बनरा, संयुक्त सचिव शैलेन्द्र सुंडी, सह कोषाध्यक्ष सुरेश चंद्र देवगम और सदस्य रबिन्द्र गिलुवा सहित शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

ऑल इंडिया हो बैंकर्स वेलफेयर सोसाइटी की ओर से अध्यक्ष रघुनाथ बोदरा, सचिव सुरेश कोड़ा, सुखदेव बारी, डिबार हेमब्रोम सहित अन्य सदस्य शामिल हुए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिविल सर्जन, डिप्टी सीएमओ डॉ. शिव चरण हांसदा, दीपक तुबीड और उनकी टीम मौजूद रही।

यह आयोजन सामुदायिक एकजुटता, स्वास्थ्य जागरूकता और युवाओं के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Related Post